छत्तीसगढ़ के बलरामपुर रामानुजगंज जिले के वाड्रफनगर नगर पंचायत में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का लोकार्पण 6 महीने से नहीं हो पाया है। तहसील प्रांगण चौक में स्थापित यह प्रतिमा प्लास्टिक से ढकी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने इस देरी पर कड़ी नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि प्रतिमा स्थापित करने के बाद भी उद्घाटन की कोई पहल नहीं की गई। नागरिकों का मानना है कि भारत रत्न से सम्मानित पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा को इस तरह प्लास्टिक में ढके रखना उनकी मर्यादा के खिलाफ है। जिला प्रशासन को भेजी गई प्रतिमा अनावरण की फाइल नगर पंचायत के मुख्य नगरपालिका अधिकारी जीतेन्द्र बहादुर ने बताया कि प्रतिमा अनावरण की फाइल जिला प्रशासन को भेजी गई है। अनुमति मिलने के बाद ही लोकार्पण किया जाएगा। नगर पंचायत अध्यक्ष मानसिंह मरकाम के अनुसार कुछ काम अभी अधूरा है। उन्होंने जल्द ही काम पूरा कर लोकार्पण करने का आश्वासन दिया है। नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि शीघ्र आदेश जारी कर प्रतिमा का उद्घाटन कराया जाए। इससे लोग प्रतिमा पर श्रद्धा व्यक्त कर सकेंगे और उसकी नियमित साफ-सफाई भी हो सकेगी।


