लीगल रिपोर्टर | रांची पूर्व मंत्री सह विधायक सरयू राय से जुड़े गोपनीय दस्तावेज लीक करने के मामले में बुधवार को एमपी-एमएलए मामले के विशेष न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में सुनवाई हुई। इस दौरान अभियोजन पक्ष ने मामले के पहले गवाह के रूप में स्वास्थ्य विभाग के प्रशाखा पदाधिकारी उमेश कुमार की गवाही दर्ज कराई। गवाही पूरी होने के बाद गवाह का बचाव पक्ष ने जिरह भी किया। मामले में अगली सुनवाई के लिए 12 सितंबर की तारीख निर्धारित की गई है। बता दें कि उक्त मामले में सरयू राय के खिलाफ 16 जुलाई को आरोप तय किया गया है। अभियोजन को साक्ष्य प्रस्तुत करना है। अदालत ने दाखिल चार्जशीट पर बीते 24 अगस्त को संज्ञान लिया था। इसके बाद उन्हें बीते 20 मई को पुलिस पेपर सौंपा गया था। सरयू राय के खिलाफ विभाग के अवर सचिव विजय वर्मा ने 2 मई 2022 को डोरंडा थाना में भादवि की पांच धाराएं एवं गोपनीय दस्तावेज का लीक करने के तीन धाराओं के तहत प्राथमिकी (कांड संख्या 105/22) दर्ज कराई थी। बता दें कि सरयू राय ने इसी दस्तावेज को हासिल करने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को कोरोना काल में किए गए राशि के उपयोग की जानकारी दी थी।


