लुधियाना| आर्टिस्ट मेकर्स स्टूडियो में पैशन डांस एंड मॉडलिंग सीजन 3 का आयोजन किया गया, जिसमें 80 से अधिक छात्रों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। निर्देशक सक्षम चावला द्वारा संचालित इस कार्यक्रम ने न केवल युवाओं के टैलेंट को मंच दिया, बल्कि डांस और मॉडलिंग की दुनिया में उनकी आत्मविश्वास भरी एंट्री को भी मजबूत किया। प्रतियोगिता की खासियत रही कि मंच पर रंगारंग डांस और मॉडलिंग के साथ-साथ पंजाबी संस्कृति की झलक दिखाते हुए गिद्दा और भंगड़ा की शानदार प्रस्तुतियां भी हुईं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनीषा बेरी मौजूद रहीं, जिन्होंने अपनी प्रेरणादायी मौजूदगी से माहौल को और यादगार बना दिया। जज में मुकेश, अंजलि, रुहानी ग्रोवर और रिहांश कपूर थे, जिन्होंने प्रतिभागियों के हुनर का बारीकी से मूल्यांकन किया और विजेताओं का चयन किया। प्रतियोगिता का सबसे रोमांचक पल रहा जब पांच बेस्ट परफॉर्मर्स प्रिशा कटारिया, जीविका अरोड़ा, मेहर मोंगा, खुशी हंस और चार्वी यादव को 2100-2100 रुपए के कैश प्राइज से सम्मानित किया गया। इन पुरस्कारों को मुख्य अतिथि मनीषा बेरी ने स्वयं विजेताओं को प्रदान किया और उनके हुनर को सराहा। इस मंच का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को प्रतिभा निखारने का मौका देना है, ताकि वे डांस, मॉडलिंग व फैशन की दुनिया में नए मुकाम हासिल कर सकें। शहर के बच्चे टैलेंट से भरे हुए हैं और सही अवसर मिलने पर वे किसी भी स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।


