चक्रधरपुर रेल मंडल के बंडामुन्डा रेलवे स्टेशन के पास बीती रात एक बड़ी घटना सामने आई। बंडामुन्डा से बिसरा की ओर जा रही मालगाड़ी के दो डिब्बे डाउन मेन लाइन पर बेपटरी हो गए। इस घटना के कारण हावड़ा-मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर डाउन मेन लाइन का यातायात प्रभावित हुआ। रेलवे प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एक्सप्रेस ट्रेनों को नवनिर्मित डाउन रेल लाइन से गुजारा। यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी ने स्थिति पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस घटना से रेलवे को कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ है। यातायात कुछ समय के लिए बाधित रहा। अब ट्रेनों का परिचालन सामान्य हो गया है। चक्रधरपुर रेल मंडल मुख्यालय से तकनीकी टीम बंडामुन्डा पहुंच गई है। बेपटरी हुए डिब्बों को पटरी पर लाने का काम जारी है। मरम्मत कार्य भी साथ-साथ चल रहा है।


