भास्कर न्यूज | जालंधर मेयर वनीत धीर ने नेशनल हाईवे की खराब हालत को लेकर केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखा है। इसमें अवगत कराया कि जालंधर नगर निगम की सीमा से गुजरने वाला लगभग 19 किलोमीटर का राष्ट्रीय राजमार्ग-44 खराब स्थिति में है। राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में गड्ढे हो चुके हैं। हाईवे की ड्रेन क्षतिग्रस्त होने से पानी की निकासी नहीं होती है। ऐसे में बारिश का पानी दो से तीन दिनों तक सर्विस रोड पर जमा रहता है और हादसों का खतरा बना रहता है। इसलिए नेशनल हाईवे की सेंट्रल वर्ज की मेंटेनेंस कराई जाए। साथ ही लिखा है िक कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें काम नहीं कर रही हैं। मार्ग से भक्त श्री हरमंदिर साहिब अमृतसर, श्री अमरनाथ और माता वैष्णों देवी मंदिर भी जाते हैं। मेयर ने कहा कि इसे लेकर स्थानीय राजमार्ग प्राधिकरण, कंपनी के साथ कई बैठकें कीं, लेकिन उन्होंने अब तक समस्या का समाधान नहीं किया है। वहीं हाईवे की खराब हालत को लेकर अब शहर की जनता भी शिकायत कर रही है। शहरवासी सुखजीत सिंह ने परिवहन विभाग के जनतक शिकायतों वाले ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर शिकायत की है। जालंधर के ग्रीन एक्टीविस्ट तेजस्वी मिन्हास ने ये मामला वीरवार को बताया। उन्होंने कहा कि हाईवे पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं। स्थिति गंभीर है। उधर, हाइवे के किनारे वेरका मिल्क प्लांट, कालिया कॉलोनी, हरगोबिंद नगर, गुरु अमरदास नगर, संत विहार, लिद्दड़ां सहित तमाम इलाकों के जो लोग रोजाना हाईवे से गुजरते हैं, बहुत परेशान हैं।


