चतरा जिले में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही सामने आई है। जोरी थाना क्षेत्र के मास्टर मोहल्ला में एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा दिए गए इंजेक्शन से 50 वर्षीय महिला की मौत हो गई। दास टोला की रहने वाली पनवा देवी शुक्रवार की रात को बुखार से पीड़ित थीं। उनके भतीजे हरि दास उन्हें गुलाम सरवर नामक झोलाछाप डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने महिला को इंजेक्शन दिया। इंजेक्शन लगने के मात्र पांच मिनट बाद ही महिला की मृत्यु हो गई। आरोपी मौके से हुआ फरार घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल चतरा भेज दिया है। आरोपी डॉक्टर गुलाम सरवर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आरोपी डॉक्टर अपने घर में ही मरीजों का इलाज करता था।


