भास्कर न्यूज | अमृतसर लोपोके के अधीन आते गांव लोधी गुज्जर फसल डूबने से परेशान शख्स ने आप नेता सोनिया मान के सामने ही ड्रेन में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की। वहां मौजूद लोगों ने ड्रेन में जाकर शख्स को समझाकर बाहर निकाला। सूत्रों की मानें तो पीड़ित शख्स इस बात से नाराज था कि ड्रेन की सफाई नहीं करवाई गई है। फसल डूबने से नुकसान होने पर परेशान हो गया, जिसके बाद ऐसा कदम उठाया। ड्रेन में जिस तरह से गंदगी जमी हुई है, उससे भी साफ नजर आ रहा कि किसी तरह की साफ-सफाई नहीं करवाई गई है। लेकिन नहरों की सफाई को लेकर मंत्री-विधायक हमेशा वाहवाही लूटते रहे हैं। वहीं अब बाढ़ आने पर पोल खुलकर सामने आ रही है कि ड्रेनों के लिए क्या काम करवाया जा सका है। वहीं ड्रेन में कूदने के मामले को लेकर संबंधित लोपोके थाना के एसएचओ से संपर्क किया गया तो फोन उठाने पर बताया गया कि उनका गनर बोल रहा है। साहब से अभी बात नहीं हो पाएगी, सुबह जानकारी देंगे। वहीं लोपोके डीएसपी का नंबर बंद था। जबकि एसपी रुरल से संपर्क किया तो कोई जानकारी नहीं दे पाए।


