प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति सत्यापन में लापरवाही प्राचार्यों का वेतन रोके जाने का दिया निर्देश

भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिले के 959 विद्यालयों के प्राचार्यों को वित्तीय वर्ष 2024-25 प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत वर्ग 1 से 8 तक सभी छात्र-छात्राओं के ई-कल्याण पोर्टल पर पंजीकृत आवेदनों का सत्यापन कार्य 1 सितंबर तक पूरा करने का निर्देश दिया गया है। जिला शिक्षा अधीक्षक ने 26 अगस्त 2025 को सभी विद्यालयों को पत्र जारी कर भौतिक सत्यापन प्रतिवेदन जमा करने का आदेश दिया। निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि समय सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूरा नहीं करने वाले प्राचार्यों का वेतन रोका जाएगा। ई-कल्याण विभाग की इस योजना के तहत एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के विद्यार्थियों को हर वर्ष सहयोग राशि दी जाती है। इसमें कक्षा 1 से 5 तक 1500 रुपए, कक्षा 6 से 8 तक 2500 रुपए और कक्षा 9 से 10 तक 4500 रुपए की राशि सीधे छात्रों के बैंक खातों में भुगतान की जाती है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक खाता और संपर्क नंबर अनिवार्य है। हालांकि, प्राचार्यों का कहना है कि इतने कम समय में छात्रों के प्रतिवेदन का सत्यापन पूरा करना मुश्किल है। इसलिए विभाग से समय सीमा बढ़ाने की मांग की गई है। दूसरी ओर, कल्याण विभाग से मिली जानकारी के अनुसार पिछले वर्ष के लगभग 2000 विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति राशि अब तक भुगतान नहीं हो सकी है। निर्देश के अनुसार इस वर्ष 1 से 8वीं तक के सभी छात्र-छात्राओं का सत्यापन कार्य समय पर पूरा करना अनिवार्य है। ताकि विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति राशि का लाभ समय पर मिल सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *