22 सितंबर से शुरू होंगे शारदीय नवरात्र, 9 की बजाय 10 दिन के होंगे नवरात्र

भास्कर न्यूज | अमृतसर हिंदू धर्म में मां दुर्गा को समर्पित पावन पर्व शारदीय नवरात्र का विशेष महत्व है। हर बार नवरात्र में माता रानी अलग-अलग वाहन से पृथ्वी पर आगमन करती हैं। वहीं इस बार शारदीय नवरात्र में मां दुर्गा गज यानि हाथी पर सवार होकर आएंगी। शारदीय नवरात्र 22 सितंबर से प्रारंभ होकर 1 अक्टूबर को समाप्त होंगे। वहीं चतुर्थी तिथि में वृद्धि के कारण इस बार नवरात्र 9 की बजाय 10 दिन के होंगे। शारदीय नवरात्र को लेकर मंदिरों में तैयारियां शुरू कर दी हैं। नवरात्र में सारे मंदिर रंग बिरंगी रोशनी से सजाए जाएंगा। वहीं सुबह और शाम को मंदिरों में मां दुर्गा स्तुति के पाठ समेत भजन संकीर्तन भी होंगे। शारदीय नवरात्र घटस्थापना मुहूर्त :- पंडित सोहन लाल शास्त्री के अनुसार शारदीय नवरात्र आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होंगे। इस बार प्रतिपदा तिथि 22 सितंबर को देर रात 1 बजकर 23 मिनट पर प्रारंभ होगी। वहीं 23 सितंबर को देर रात 2 बजकर 55 मिनट पर समाप्त होगी। घटस्थापना का शुभ मुहूर्त सुबह 6:09 से सुबह 8:06 बजे तक रहेगा। इसके बाद घटस्थापना का अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 49 मिनट से दोपहर 12 बजकर 38 मिनट तक रहेगा। घटस्थापना की कुल अवधि 49 मिनट की रहने वाली है। शारदीय नवरात्रि तिथियां:- पंडित राम अवतार के अनुसार इस बार प्रतिपदा की 25 और 26 सितंबर को चौथी तिथि है और नवरात्र 9 की बजाय 10 रहेंगे। इसमें 22 सितंबर को प्रतिपदा तिथि, 23 द्वितीय तिथि, 24 तृतीया तिथि, 25 चतुर्थी तिथि, 26 चतुर्थी तिथि, 27 पंचमी तिथि, 28 षष्ठी तिथि, 29 सप्तमी तिथि, 30 अष्टमी तिथि और 1 अक्टूबर को नवमी तिथि होगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *