प्राणायाम, ध्यान, प्राकृतिक चिकित्सा से शिविर में नई ऊर्जा का संचार किया

भास्कर न्यूज | छत्तरपुर प्रखंड के रामगढ़ पंचायत भवन परिसर में पतंजलि योग समिति के प्रखंड प्रभारी महेश यादव द्वारा संचालित हो रहे योग शिविर में पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी सह योग गुरु राजीव शरण ने साधकों को योगाभ्यास कराया। उन्होंने योग और प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का साधन नहीं, बल्कि जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है। योग से तन, मन और आत्मा का संतुलन स्थापित होता है। असंयमित जीवनशैली गंभीर रोगों को जन्म दे रही है, जबकि प्रतिदिन दो घंटे योग-प्राणायाम से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, श्वास रोग और मानसिक बीमारियों से बचाव संभव है। योग गुरु राजीव शरण ने प्राणायाम, ध्यान, प्राकृतिक चिकित्सा और हास्याभ्यास के जरिए शिविर में नई ऊर्जा का संचार किया। उन्होंने कहा कि योग हमारी ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है, इसे पुनर्जीवित कर भारत को विश्वगुरु बनाना होगा। हर व्यक्ति को स्वदेशी उत्पाद अपनाने और विदेशी वस्तुओं का त्याग करने का संकल्प लेना चाहिए। इससे स्वास्थ्य के साथ-साथ राष्ट्र की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। दो घंटे तक चले इस शिविर में वातावरण पूर्णतः आध्यात्मिक और ऊर्जामय रहा। कार्यक्रम का संचालन मुखिया राजेश्वर राम ने किया। जिला प्रभारी राजीव शरण ने बताया कि रामदेव जी ने जीवनभर राष्ट्रहित में कार्य कर करोड़ों लोगों को योग-प्राणायाम से स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखाया है। वहीं आचार्य बालकृष्ण ने आयुर्वेद व औषधीय पौधों को वैज्ञानिक प्रमाण देकर नई पीढ़ी को दिशा दी है। योग शिविर में मुखिया राजेश्वर राम, नंदू यादव, अरविंद अग्रवाल, योगेंद्र विश्वकर्मा, आलोक ठाकुर, संजय कुमार, भोला कुमार, मंटू दास, रमजान अंसारी, कुलदीप राम, सुदर्शन प्रजापति, विनोद यादव सहित अन्य योग साधक शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *