एयरपोर्ट पर टीम का स्वागत, 2 गोल दागने वाले दिलप्रीत ने कहा- पूरी टीम की मेहनत से मिली सफलता

भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय हॉकी टीम ने एशिया कप के फाइनल में कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया। टीम के लिए दिलप्रीत सिंह ने 2, जबकि सुखजीत सिंह और अमित रोहिदास ने एक-एक गोल किया। टीम की शानदार जीत के बाद सोमवार को अमृतसर एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि 8 साल बाद यह खिताब जीतना एक बड़ी उपलब्धि है और अब टीम का पूरा ध्यान आगामी विश्व कप पर है। 2 गोल दागने वाले दिलप्रीत सिंह ने बताया कि टीम का एकमात्र लक्ष्य विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना था, जिसे उन्होंने हासिल कर लिया है। खिलाड़ी हार्दिक सिंह ने भी इस बात पर जोर दिया कि हर टूर्नामेंट में टीम का लक्ष्य 100 प्रतिशत प्रदर्शन करना है। भारतीय टीम ने गत चैंपियन कोरिया को मात देकर न केवल ट्रॉफी अपने नाम की बल्कि अगले साल होने वाले हॉकी विश्व कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। कप्तान हरप्रीत सिंह ने कहा कि पूरी टीम की मेहनत और कोशिशों का ही परिणाम है कि 8 साल बाद भारत ने यह खिताब फिर से जीता। उन्होंने बताया कि टीम लगातार तैयारी कर रही थी और एक-एक मुकाबला जीतते हुए फाइनल तक पहुंची। हरप्रीत ने कहा कि पंजाब में आई बाढ़ की जानकारी टीम लगातार लेती रही और अब लौटकर खिलाड़ी हर संभव मदद के लिए तैयार हैं। उन्होंने पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए भी सभी से सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर स्वागत करने वालों में पंजाब हॉकी के कार्यकारी सदस्य गुरमीत सिंह, जीएनडीयू हॉकी कोच जगदेव सिंह, अमृतपाल सिंह मनी, हॉकी कोच बलकार सिंह, इंडिया हॉकी अंपायर अमित शर्मा, हॉकी कोच सलविंदर सिंह, कुलजिंदर सिंह माहली, बलजोत सिंह, हॉकी कोच बलविंदर, अमरीक सिंह आदि शामिल रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *