भास्कर न्यूज | अमृतसर पीएम नरेंदर मोदी पंजाब में बाढ़ से हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण मंगलवार को करेंगे। विधायक धालीवाल ने पीएम के पंजाब दौरे से एक दिन पहले बयान जारी किया कि 2 हजार करोड़ रुपए राहत पैकेज और पंजाब का 60 हजार करोड़ रुपए जारी करें। केंद्रीय मंत्री शिवराज चौहान की तरह पीएम पंजाब के साथ मजाक करके वापस न लौटें। धालीवाल ने कहा कि 9 सितंबर को पीएम मोदी पंजाब में बाढ़ से हुई तबाही का हवाई सर्वेक्षण करने और पठानकोट में अधिकारियों से रिपोर्ट लेने के लिए दिल्ली से आ रहे हैं। पीएम से अपील किया जब पंजाब के दौरे पर आएं तो पिछले 20-22 दिनों से भयंकर बाढ़ की त्रासदी झेल रहे अजनाला क्षेत्र के लोगों के लिए 2000 करोड़ रुपए का पैकेज घोषित करें। इसके अलावा पंजाब का बकाया 50 हजार करोड़ रुपए जीएसटी मुआवजा, 8,000 करोड़ रुपए पंजाब ग्रामीण विकास फंड और 850 करोड़ रुपए प्रधानमंत्री सड़क योजना के रद्द किए गए फंड भी जारी करें। उम्मीद है, पीएम सभी राज्यों को समान दृष्टि से देखेंगे। पंजाब के साथ कोई भेदभाव नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के पंजाब दौरे का कड़वा अनुभव सामने है। उन्होंने बाढ़ प्रभावित किसानों, खेत मजदूरों और भूमिहीन किसानों के लिए दिल्ली लौटकर कोई पैकेज देने के बजाय पंजाब को ही दोषी ठहराया। उनका दौरा पिकनिक जैसा लगा।


