हरियाणा के पंचकूला में BJP प्रदेश कार्यालय से पंजाब बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत सामग्री के 3 ट्रक रवाना किए गए। इन ट्रकों को BJP प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया ने रही झंडी दिखाकर रवाना किया। हरियाणा BJP प्रभारी सतीश पूनिया ने कहा कि पंजाब के हालात का जायजा लेने के लिए आज पीएम नरेंद्र मोदी दौरा कर रहे हैं। BJP पूरे देश में पूरी उदारता के साथ कार्य कर रही है। हमारे कार्यकर्ता अपने स्तर पर भी पंजाब, हिमाचल और जम्मू में बाढ़ पीड़ितों के लिए मदद भेज रहे हैं। वहीं सीएम नायब सैनी भी तीनों प्रदेशों के बाढ़ पीड़ितों के लिए 5-5 करोड़ रुपए की सहायता राशि दे चुके हैं। सामाजिक संवेदना के साथ काम करती है BJP प्रभारी पूनिया ने कहा कि हम सामाजिक संवेदनाओं के साथ काम करने वाले लोग हैं। भाजपा के लोग राजनीति को केवल चुनाव तक सीमित नहीं रखते। हम किसानों के बीच में जाकर हालात की समीक्षा कर रहे हैं। हरियाणा सरकार प्रदेश के लोगों को राहत पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जलभराव वाले इलाकों में अधिकारी निकासी के प्रबंधों को लेकर जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल राजनीति कर रही है। अच्छा होता कांग्रेसी भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए कोई कदम आगे बढ़ाते।


