पश्चिमी सिंहभूम में सदर थाना क्षेत्र स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के सामने हुई 5 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 1 सितंबर को सुबह 10:20 बजे पेट्रोल पंप कर्मी से अपराधियों ने देशी कट्टा दिखाकर बैग छीन लिया था। एसपी के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई की। पहले तीन दिन में पांच मुख्य आरोपियों को पकड़ा गया। इनसे 86,500 रुपए नगद, एक देशी कट्टा, दो बाइक और अन्य सामान बरामद हुए। 9 सितंबर को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 26,000 रुपए नगद, दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन मिले। गिरफ्तार आरोपियों में मधु लोहार उर्फ बिधा, गोपी बारी और मोतिलाल हेम्ब्रम शामिल हैं। मुख्य आरोपी मधु लोहार का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ राजनगर थाने में पहले से एक मामला दर्ज है। आरोपियों में केसरगाड़िया, राजनगर, जामदा और मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लोग शामिल हैं।


