बैतूल जिला अस्पताल परिसर में एक महिला ने वहां खड़े दो ऑटो के कांच फोड़ दिए, उसने जमकर हंगामा भी किया। जिसकी शिकायत कोतवाली पुलिस को की गई है। फिलहाल महिला पर कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। घटना शनिवार की है, जिसका सीसीटीवी फुटेज रविवार को सामने आया है। ऑटो चालक आकाश खडसे ने बताया कि वह जिला अस्पताल में ऑटो स्टैंड पर खड़ा होकर सवारी के लिए इंतजार कर रहा था। उसका नंबर भी सवारी के लिए आ गया था। इसी दौरान वहां पहुंची एक महिला ने उसे कोठीबाजार छोड़ने के लिए कहा, जिस पर उसने उसे बताया कि इसके लिए उसे सौ रुपए किराया देना होगा, लेकिन महिला उसे मुफ्त में छोड़ने का कह रही थी, उसने फ्री में सवारी से इनकार किया तो वह बिफर गई। उसने पास ही पड़े पत्थरों से उसकी ऑटो और वहां खड़ी एक अन्य ऑटो के विंड स्क्रीन फोड़ दिए। इस दौरान वह जमकर गाली-गलौच करती रही महिला के बारे में बताया जा रहा है कि वह अक्सर वहां देखी जाती है। ऑटो चालक ने महिला के खिलाफ कोतवाली पुलिस को शिकायत की है। टीआई रविकांत डहरिया ने बताया कि ऑटो चालक ने महिला की शिकायत की है, जिसकी जांच की जा रही है।अभी इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पहले हुआ था विवाद इस मामले में बताया जा रहा है कि ऑटो चालक और महिला का किसी बात पर से अस्पताल परिसर के बाहर पहले कोई विवाद हुआ था। जिसके बाद महिला परिसर ऑटो स्टैंड पर पहुंची और वहां हंगामा शुरू कर दिया। फिलहाल महिला की ओर से कोई शिकायत नहीं हुई है।


