ग्रामीणों ने कोल माइंस खोलने का विरोध किया

भास्कर न्यूज | कोरबी चोटिया पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक के तनेरा में शनिवार को बीजाडाड़ में खुलने वाली रुंगटा संस विजय सेंट्रल कोल माइंस के खिलाफ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और गोंडवाना समग्र विकास क्रांति आंदोलन के कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। मातिन दाई परिसर में आयोजित धरना में पंचायत प्रतिनिधि भी शामिल हुए। तनेरा सरपंच सरवन प्रमिला देवी, जनपद सदस्य संतोष मरावी ने कहा कि 20 साल पहले एसईसीएल की दो कोयला खदानें रानी अटारी और विजय बेस्ट भूमिगत खदान संचालित है। इसके बाद भी क्षेत्र का विकास नहीं हुआ। विकास के नाम पर जल, जंगल जमीन से भी वंचित हो रहे हैं। सांस्कृतिक धरोहर का विनाश हो रहा है। लोग डस्ट से परेशान हैं। इसी वजह से विजय सेंट्रल कोल माइंस का विरोध किया जा रहा है। इस क्षेत्र के पर्यावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। खदान का क्षेत्रफल 292 हेक्टेयर है। इसमें वन भूमि, जंगल और पहाड़ भी प्रभावित हो रहे हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने 6 सूत्रीय मांगों को लेकर पसान तहसीलदार वीरेंद्र कुमार श्याम को ज्ञापन सौंपा। इसमें कोयला खदान का विरोध किया है। इस दौरान ग्राम पंचायत अड़सरा के सरपंच धजमन सिंह मरकाम, चंद्र प्रताप सिंह, शत्रुघ्न पठारी, सरपंच शिवकुमार उइके, मानसिंह मरकाम, दिनेश कोहराम, वेद प्रताप सिंह के साथ ही गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *