पूरे झारखंड में अभी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर है। इस वजह से कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। मौसम केंद्र का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों में राजधानी रांची सहित कई हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर कम हो जाएगा। इस कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। पूरे राज्य में चार जनवरी तक मौसम साफ रहेगा। इसके बाद तापमान कम होगा। राजधानी रांची का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं अधिकतम तापमान भी 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई जिलों में सुबह और शाम के बाद घना कोहरा छाया रह सकता है। इसे लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। कई जिलों में हुई हल्की बारिश बीते 24 घंटे में राज्य में अलग-अलग जगहों पर मौसम का मिजाज अलग-अलग रहा है। रविवार को कुछ स्थानों पर छिटपुट बारिश हुई। लातेहार में नौ मिमी के आसपास बारिश हुई। गढ़वा और डाल्टेनगंज में भी बारिश हुई है। वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है।
राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से करीब सात डिग्री अधिक है। यही स्थिति डाल्टेनगंज और जमशेदपुर की भी रही। वहां भी न्यूनतम तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा है। सात जिले में घने कोहरे का अलर्ट मौसम विभाग ने बताया है कि बादल और कुहासे की आंखमिचौली के बीच सुबह-शाम सात जिलों में कोहरे का असर देखने को मिलेगा। झारखंड के पलामू, गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में अगले कुछ दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है। इन्हीं सात जिलों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। छह डिग्री तक गिरेगा तापमान मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार आज से मौसम साफ हो जाने वाला है। ऐसे में बादल छंटने की वजह से न्यूनतम तापमान में 5-6 डिग्री तक की गिरावट देखने को मिलेगी। अहले सुबह और रात में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। खासतौर पर नेतरहाट, गुमला, पाकुड़ व रांची के कांके जैसे इलाके में कड़ाके की ठंड शाम को रहेगी। शीतलहर भी चलेगी, जिसे लेकर थोड़ा सचेत रहने की जरूरत है।


