भास्कर न्यूज| दंतेवाड़ा मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर में आगामी शारदीय नवरात्र पर्व के लिए दर्शनार्थियों के लिए आवश्यक व्यवस्था यथा साफ-सफाई, पेयजल की सुलभता,प्रसाधन कक्षों में साफ-सफाई, अतिवर्षा से हुए क्षतिग्रस्त स्थलों के मरम्मत, बैरिकेडिंग, रास्ता मरम्मत,विद्युत व्यवस्था, मंदिर प्रांगण एवं सुविधा केंद्र में चिकित्सा सुविधा, ट्रैफिक परिचालन जैसे अनेक बिन्दुओं पर रविवार को विधायक चैतराम अटामी एवं कलेक्टर कुणाल दुदावत द्वारा दिशा-निर्देश दिए गए। इस मौके पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को नदी तट एवं घाटों की साफ-सफाई, अति बारिश से टूटे हुए रेलिंग को रि स्टोर करने, माईजी की बगिया में रेत का मलबा हटाने, बारिश से हुए गड्ढों को पटाने जैसे विभिन्न कार्यों को नवरात्र के पूर्व करने को कहा गया। कलेक्टर ने यह भी कहा कि पूर्व वर्षों की भांति मंदिर परिसर मेंें लाईटिंग व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए। निरीक्षण के दौरान यह भी कहा गया कि कॉरिडोर में दर्शनार्थियों के लिए पंखे एवं पेयजल के व्यवस्था का अधिकारी सुनियोजित प्रबंधन करें। इस दौरान कलेक्टर ने दर्शनार्थियों के लिए निर्माणाधीन नये धर्मशाला, पार्किंग स्थल आंवराभाटा एवं हाई स्कूल ग्राउंड का भी जायजा लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। 10 हजार मनोकामना ज्योत जलाने का लक्ष्य: शारदीय नवरात्रि पर इस बार दंतेश्वरी मंदिर में 10 हजार मनोकामना ज्योत प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। देश और विदेशों से भी भक्त ज्योत जलाने ऑनलाइन बुकिंग करवाते आ रहे हैं, इस बार 18 की जगह 20 जगह पदयात्रियों के लिए सुविधा केंद्र खोले जाएंगे, जगदलपुर, सुकमा, बीजापुर , बैलाडीला सभी मार्गों पर सुविधा केंद्र खोले जाएंगे।


