नगरपालिका अध्यक्ष रूबी सिंह ने कहा चक्काजाम कर रहे लोगों को समझाइश देकर हटाया गया है। शहर का पानी नाले में अंडर ग्राउंड जाता था पर रेलवे द्वारा बनाए जा रहे फ्लाईओवर का एक पिलर नाले के ऊपर बन गया है, पानी निकासी की व्यवस्था की जा रही है। भास्कर न्यूज|दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल नगरपालिका के वार्ड नंबर 8 में शनिवार रात को हुई बारिश में कई घरों में पानी भर गया। नपा के इस वार्ड में आए दिन पानी भरता है। सुबह आक्रोशित मोहल्ले के लोगों ने चक्काजाम कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने कहा वोट मांगने तो रात में भी आते थे अब घरों में पानी भर रहा है तो पार्षद से लेकर अध्यक्ष कोई सुध लेने नहीं आ रहा है। रविवार की सुबह प्रभावितों ने चक्काजाम कर जमकर बवाल किया। किरंदुल नगरपालिका में पिछले साल एनएमडीसी का डैम टूटने से बाढ़ आई थी जिससे खूब तबाही मची थी, अब एनएमडीसी के द्वारा पानी को रोकने के प्रबंध के बाद बाढ़ इस साल नहीं आई पर अब किरंदुल का प्रमुख बाजार मटन मार्केट के क्षेत्र में आए दिन बाढ़ जैसी स्थित उत्पन्न हो रही है, रात को लोगों के घरों में पानी घुसते ही बुजुर्ग, बच्चों के साथ लोग परेशान होते रहे। सितंबर आधा ख़त्म फिर भी नहीं थम रही बारिश: इस बार बारिश सितंबर का महीना आधा ख़त्म होने के बाद भी जिले में रोज कहीं न कहीं मूसलाधार बारिश हो रही है, बादल भी कड़क रहे हैं जिससे लोगों को घरों के इलेक्ट्रिक समानों का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। किरंदुल नगरपालिका में मार्केट में इस वर्ष दूसरी बार लोगों के घरों में पानी भर गया और मुआवजा भी नहीं मिला। पालिका के द्वारा बारिश के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं करवा पाने से समस्या बढ़ गई है।


