जांजगीर | भाई की जमीन पर कब्जा करने के लिए फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने वाले आरोपी को अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी देवेन्द्र खण्डेल(32) अकलतरा के वार्ड क्रमांक 16 मंडी रोड का निवासी है। प्रकरण की शिकायत अर्चना खण्डेल ने की थी। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके पति रामेश्वर प्रसाद खण्डेल की 20 सितंबर 2022 को जिला अस्पताल दंतेवाड़ा में मृत्यु हुई थी। लेकिन आरोपी देवर देवेन्द्र खण्डेल और एक अन्य ने फर्जी शपथ पत्र तैयार कर यह दर्शाया कि रामेश्वर की मृत्यु अकलतरा में हुई है, और इसी आधार पर नगर पालिका अकलतरा से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया गया। इसके बाद आरोपीगणों ने उक्त फर्जी प्रमाण पत्र और झूठे शपथ पत्रों को आधार बनाकर तहसील न्यायालय अकलतरा में राजस्व प्रकरण दर्ज कराया, जिसमें यह भी कहा गया कि प्रार्थिया ने दूसरा विवाह कर लिया है, जिससे भूमि उत्तराधिकार का दावा खुद पर जताया। वास्तविक मृत्यु प्रमाण पत्र दंतेवाड़ा से जारी हुआ था, जो प्रकरण की जांच में सामने आया। पुलिस ने मामले में भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।


