राज्य स्तरीय एथलेटिक्स में कबीरधाम के खिलाड़ियों ने जीते 24 पदक

भास्कर न्यूज | कवर्धा कबीरधाम जिले के होनहार खिलाड़ियों ने राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन कर दिया। बिलासपुर में आयोजित 22वीं छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय एथलेटिक्स बालक-बालिका प्रतियोगिता 2025 में कवर्धा के खिलाड़ियों ने कुल 24 पदक जीते हैं। इनमें 8 स्वर्ण, 6 रजत और 10 कांस्य पदक शामिल हैं। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में खिलाड़ियों ने रविवार को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा से विधायक कार्यालय कवर्धा में मुलाकात की। उन्होंने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और उनके परिश्रम की सराहना की। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में 24 मिनी स्टेडियम का निर्माण किया जा रहा है। इससे गांव-गांव के बच्चों की प्रतिभा निखरेगी और उन्हें जिला, राज्य और राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा। मेहनत, अनुशासन, लगन से खेलने किया गया प्रेरित उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि कवर्धा के बच्चों ने मेहनत, अनुशासन और लगन से खेलने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने साबित कर दिया कि छोटे-छोटे नगर और गांव से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी उभर सकते हैं। राज्य सरकार इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए पूरा सहयोग करेगी। आत्मविश्वास विकसित करने पर दिया जोर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने खिलाड़ियों में खेलों के माध्यम से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होने पर जोर दिया। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास करने और माता-पिता व प्रशिक्षकों से मार्गदर्शन लेने का आह्वान किया। आने वाले समय में कवर्धा के खिलाड़ी देश-विदेश में अपनी अलग पहचान बनाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *