बकरी बाजार में पड़े स्क्रैप होंगे नीलाम पंच मंदिर के पास से हटेगा अतिक्रमण

सिटी रिपोर्टर|रांची रांची नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने रविवार को शहर की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न पूजा पंडालों, निगम के एमटीएस, डंप यार्ड, वेंडर मार्केट और पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने दुर्गा पूजा पंडालों के पास हर हाल में सफाई करने का निर्देश दिया है। इस दौरान उन्होंने बकरी बाजार पूजा पंडाल का भी निरीक्षण किया। वहां निगम के स्टोर के कंडम वाहनों और स्क्रैप को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इतना पुराना स्क्रैप जमा रखने का क्या मतलब है। इसकी नीलामी करें। हरमू मिनी कूड़ा ट्रासफर स्टेशन में भी खराब वाहनों की मरम्मत कराने के लिए कहा। इस क्रम में उन्होंने ट्रेकर स्टैंड में बने एमटीएस का हाल भी देखा। यहां कूड़ा डंप यार्ड बना दिया गया है। इससे काफी दुर्गंध उठ रही है। प्रशासक ने कहा कि कूड़ा डंप नहीं होने दें। हरमू में पंच मंदिर के पूजा पंडाल तक जाने वाले रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने और नालियों पर स्लैब रखने के लिए कहा गया। उन्होंने सभी पूजा पंडालों के पास सफाई अभियान चलाने के लिए कहा। प्रशासक ने लालपुर कोकर रूट स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने पार्क की अव्यवस्था देख वहां वेंडिंग जोन का प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा। इसके बाद डिस्टलरी वेंडिंग जोन का जायजा लेते हुए उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी इस परिसर को साफ-स्वच्छ रखें। वहां डस्टबिन रखें, ताकि कहीं कचरा न दिखे। उन्होंने निगम के पदाधिकारियों को कहा कि कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि वेंडिंग जोन में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं नागरिक अनुकूल बनाएं। प्रशासक ने सभी सार्वजनिक शौचालयों में क्यूआर कोड लगाने के लिए कहा, ताकि उपयोगकर्ता को शिकायत करने में सुविधा हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *