वोट चोर-गद्दी छोड़:आठ शहरों में पदयात्रा, मशाल रैली बाइक रैली और सभाएं करेगी कांग्रेस

वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान के अपने देशव्यापी अभियान को कांग्रेस छत्तीसगढ़ में भी पूरी ताकत के साथ चला रही है। एक सप्ताह पहले ही बिलासपुर में हुई आमसभा के बाद दूसरा बड़ा अभियान 16 सितंबर को रायगढ़ से शुरू होने जा रहा है। तीन दिन की इस यात्रा में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट भी शामिल होंगे। 18 सितंबर को यह यात्रा भिलाई में समाप्त होगी। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 16 सितंबर को रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और आम सभा से होगी। इसी दिन कोरबा में मशाल रैली आयोजित की जाएगी। 17 सितंबर को तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा और जनसभाएं आयोजित की जाएंगी। अभियान का समापन 18 सितंबर को राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में कार्यक्रमों के माध्यम से होगा। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 16 सितंबर को झारसुगड़ा से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे। इस अभियान में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के अलावा प्रभारी सचिव एस सम्पत, जरिता लैतफंलाग, विजय जांगिड़ और अन्य वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल होंगे। घर-घर संपर्क कर लोगों से कराएंगे हस्ताक्षर
तीन दिवसीय कार्यक्रम में केवल पदयात्रा और सभाएं ही नहीं होंगी, बल्कि लोगों के घर-घर संपर्क, हस्ताक्षर अभियान, मशाल रैली के साथ ही बाइक रैली भी आयोजित की जाएगी। कांग्रेस का मकसद भाजपा सरकार की नीतियों और मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ जनता में जागरूकता फैलाना और आगामी चुनावों में विरोध दर्ज कराना है। यह अभियान चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा
यह अभियान पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा है। कार्यक्रम के माध्यम से न केवल जनता के बीच संदेश पहुंचाया जाएगा, बल्कि भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीतियों को उजागर करने का अवसर भी मिलेगा। अभियान का उद्देश्य लोकतंत्र की सुरक्षा और मतदाता अधिकारों की रक्षा करना है। संगठन सृजन कार्यक्रम का टेस्ट भी, दावेदार दिखाएंगे ताकत प्रदेश कांग्रेस का संगठन सृजन कार्यक्रम भी चल रहा है। ऐसे में जिन स्थानों से कांग्रेस की यह यात्रा और कार्यक्रम होंगे वहां पर जिला और ब्लाक अध्यक्ष के लिए दावेदारी कर रहे नेताओं को ताकत दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा। क्योंकि आने वाले समय में एआईसीसी की टीम जिलाध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर दौरा भी करने वाली है। इसलिए माना जा सकता है कि पायलट के सामने कई नेता भीड़ दिखाकर अपनी दावेदारी भी पेश कर सकते हैं। रायगढ़ में कार्यक्रम की कमान विधायक उमेश पटेल के हाथों प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से रायगढ़ में हाेने वाले कार्यक्रमों के लिए 30 सदस्यीय टीम घोषित कर दी गई है। विधायक उमेश पटेल को इसका संयोजक और लालजीत राठिया को सहसंयोजक बनाया गया है। वहीं अन्य पदाधिकारियों में विद्यावती सिदार, उत्तरी जांगड़े, चातुरी नंद, कविता प्राण लहरे, अनिल शुक्ला, नागेंद्र नेगी, ताराचंद देवांगन, प्रकाश नायक, अनिल अग्रवाल, वासुदेव यादव आदि शामिल हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *