बिजनौर में सीआरपीएफ जवान के घर में चोरी का खुलासा:साले ने ही अपने जीजा के घर में चोरी की वारदात को दिया था अंजाम, गिरफ्तार; जेवरात बरामद

बिजनौर के मंडावर थाना क्षेत्र में स्थित काजूवाला गांव में सीआरपीएफ जवान नरेंद्र कुमार के घर में हुई चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका एक साथी अभी भी फरार है। चोरी गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात, एलईडी टीवी, सीसीटीवी कैमरा और कई अन्य सामान शामिल थे, जिनकी कीमत लाखों में बताई जा रही है। यह वारदात 27 नवंबर की रात हुई थी, जब सीआरपीएफ जवान नरेंद्र कुमार का घर बंद पड़ा था। चोरों ने घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, 15 कार्टून, एलईडी और डीवीआर की चोरी कर ली थी। जवान के भाई गिरीश कुमार ने मामला दर्ज कराया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रविवार रात को आरोपी जितेंद्र कुमार को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। आरोपी जितेंद्र का साथी अनुज कुमार फरार है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी जितेंद्र के पास से चोरी किए गए जेवरात भी बरामद किए गए हैं, जिनमें दो सोने की अंगूठी, दो जोड़ी चांदी की पाजेब, एक सफेद धातु का पेंडल और ₹500 की नगदी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, जितेंद्र ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी अनुज के साथ मिलकर इस चोरी को अंजाम दिया था। आरोपी जितेंद्र को घर की पूरी स्थिति का पता था, क्योंकि वह सीआरपीएफ जवान नरेंद्र का साला है। डेढ़ महीने पहले जवान की पत्नी की निधन हो गया था, और उसकी पत्नी की मृत्यु के बाद जितेंद्र को घर के सामान की पूरी जानकारी थी, जिसे उसने और उसके साथी ने चुराया। पुलिस की टीम अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है। थाना प्रभारी मृदुल कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपी जितेंद्र से कई अहम जानकारी मिल सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *