प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर शुरू किए जा रहे ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ का सबसे बड़ा लाभ राजधानी भोपाल की महिलाओं और बच्चों को मिलेगा। बीएमएचआरसी में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष सेवा पखवाड़े में अलग-अलग तरह के शिविर और कार्यक्रम करेगा, जिनसे आम मरीजों को मुफ्त जांच, दवाइयां और विशेषज्ञ डॉक्टरों की सलाह मिलेगी। पहले दिन कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल में महिलाओं के लिए हेल्थ कैंप लगेगा। यहां डायबिटीज, ब्लड प्रेशर और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच होगी। जांचों के साथ मरीजों को नि:शुल्क दवाएं भी दी जाएंगी। यानी जिन गरीब महिलाओं को हर महीने इलाज पर पैसा खर्च करना पड़ता है, उन्हें सीधे आर्थिक राहत मिलेगी। नवनिर्मित फिजियोथैरेपी विभाग की इकाई का लोकार्पण इसी दिन खेल, युवा एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग बीएमएचआरसी के नवनिर्मित फिजियोथैरेपी विभाग की नई इकाई का लोकार्पण करेंगे। इस यूनिट के शुरू होने से लंबे समय से जोड़ों के दर्द, रीढ़ की तकलीफ या स्ट्रोक के बाद शरीर का संतुलन खो चुके मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी। वहीं, टीबी से जूझ रहे मरीजों को मंत्री सारंग नि:क्षय मित्र योजना के तहत पोषण आहार देंगे। यह कदम इसलिए अहम है क्योंकि टीबी का मरीज सामान्य आहार से नहीं संभल पाता और उसे अतिरिक्त पोषण की जरूरत होती है। इसके अलावा सिकल सेल एनीमिया से जूझ रहे बच्चों को स्टेशनरी किट और एनीमिया पीड़ित गरीब महिलाओं को जनऔषधि किट बांटी जाएगी। गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद मिलेगी पखवाड़े में आगे भी कई ऐसे कार्यक्रम होंगे जिनसे लोगों को सीधा फायदा मिलेगा। जैसे, बीएमआई चेकअप और हेल्दी नाश्ते की पहल से मोटापे और कुपोषण पर नियंत्रण होगा। मासिक धर्म स्वच्छता और स्तन कैंसर जागरूकता शिविर किशोरियों और महिलाओं को गंभीर बीमारियों से बचने में मदद करेंगे। वहीं, विशेष मोतियाबिंद शिविर खासतौर पर उन महिलाओं के लिए है जो आर्थिक तंगी के कारण आंखों का ऑपरेशन नहीं करा पातीं। इसके अलावा स्कूलों और आंगनवाड़ियों में कुपोषण रोकने के लिए विशेष गतिविधियां, डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर की स्क्रीनिंग, दांत और मुंह की जांच, और मानसिक स्वास्थ्य पर परामर्श सत्र आयोजित किए जाएंगे। यही नहीं, किशोरियों के लिए मेनस्ट्रुअल हाइजीन वर्कशॉप और पुरुषों के लिए ‘स्वस्थ परिवार-मेरा योगदान’ विषय पर संवाद भी होगा। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान आम जनता के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को नजदीक लाने का प्रयास है। गरीब और वंचित वर्ग की महिलाएं जिन बीमारियों का इलाज कराने में हिचकती हैं, उन्हें इस पखवाड़े में पूरी तरह मुफ्त जांच और परामर्श मिलेगा। उन्होंने कहा कि अगर नारी स्वस्थ होगी, तो परिवार भी समृद्ध और खुशहाल रहेगा।


