जालंधर| बस्ती क्षेत्र की व्यस्त मास्टर गुरबंता सिंह रोड की हालत काफी खराब है। इसका निर्माण निगम ने 97 लाख रुपए से कराया था। एक हफ्ते से इलाके में मामला गर्म है। पहले बड़े स्तर पर सड़क टूटने को लेकर रोष पैदा हुआ। अब नगर निगम की एजेंसी की तरफ से करवाए जा रहे बड़े-बड़े पैचवर्क का विरोध किया गया है। जालंधर वेस्ट विकास मंच के सदस्यों ने मंगलवार को कहा कि निर्माण के 3 माह बाद ही सड़क टूट गई। यह बारिशें नहीं झेल सकी। अब पैचवर्क कर दिया, घटिया क्वालिटी की सड़क के बाकी हिस्से फिर टूटेंगे। इसलिए घटिया क्वालिटी के मामले की जांच करवाई जाए। जालंधर वेस्ट विकास मंच के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता प्रदीप खुल्लर ने कहा कि सड़क नए सिरे से बनाई जाए। तीन महीने पहले जो घटिया निर्माण हुआ, इसके जिम्मेदारों पर एक्शन हो। भाजपा इस मुद्दे पर मंत्री मोहिंदर भगत एवं निगम दफ्तर का घेराव करेगी। इस दौरान विंकल कुमार, कमलजीत सिंह, हरप्रीत पाल, बिट्टू, साहिल, भगत गुरप्रीत सिंह शामिल रहे।


