प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न जिलों में सेवा पखवाड़ा चलेगा। बुधवार को शाम 5 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय में पीएम का जन्मदिन मनाया जाएगा। वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के आवास पर हवन होगा। वे 75 पूर्व सैनिकों समेत विभिन्न क्षेत्रों के 75-75 लोगों को सम्मानित करेंगे । रांची लोकसभा क्षेत्र में 3000 सोलर लाइट का शुभारंभ भी करेंगे। युवा मोर्चा करेगा नमो युवा रन: रांची, जमशेदपुर और धनबाद में 21 सितंबर को नमो युवा रन होगा। प्रतिभागियों का पंजीकरण 20 तक होगा। प्रदेश महिला मोर्चा की ओर से बुधवार शाम को प्रदेश कार्यालय में दीपोत्सव मनाया जाएगा। 17 सितंबर को पूरे प्रदेश में भाजपा स्वच्छता अभियान चलाएगी। रांची महानगर भाजपा की ओर से बुधवार सुबह 7 बजे भगवान बिरसा मुंडा समाधि स्थल पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जहां प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी रहेंगे। वहीं, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क, हरमू में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह स्वच्छता अभियान में भाग लेंगे। सुबह 10 बजे प्रदेश कार्यालय में युवा मोर्चा द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित होगा। शाम 4 बजे रातू रोड स्थित आकाशवाणी केंद्र के पास प्रधानमंत्री पर आधारित चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी व कार्यकारी अध्यक्ष रवींद्र राय करेंगे।


