आदिवासी अंचल अलीराजपुर जिले में भी पुलिस ने 31st को पार्टी के दौरान हुड़दंगी और शराब के नशे में हंगामा मचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी कर ली है। जिले के पुलिस कप्तान राजेश व्यास ने सभी थाना प्रभारी को निर्देशित किया है कि रात 10 बजे के बाद सभी ढाबे सख्ती के साथ बंद कर दिया जाए। साथ ही चौक-चौराहों पर जमावड़ा लगाने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले, दोपहिया वाहनों पर दो से अधिक सवारी, तेज गति से वाहन चलाने वालों, तेज हार्न बजाने वालों पर कार्रवाई की जाए। इसको लेकर जिले के नानपुर थाना परिसर में सोमवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी ने सभी ढाबा संचालकों की बैठक ली। इस दौरान थाना प्रभारी मुकेश कनासिया ने कहा कि नए वर्ष में कोई भी शांति भंग करेगा तो उस पर कड़ी कार्रवाई होगी। सभी ढाबे रात 10 बजे बंद किए जाएंगे। धार्मिक कार्यक्रम पर भी शांति से मनाए जाने को कहा। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन पर पूरे जिले भर में कार्रवाई चलेगी। पुलिस समय समय पर पेट्रोलिंग करती रहेगो। शराब पीकर कोई भी आम जनता को परेशान न करे। पुलिस का आम जनता भी सहयोग करे।


