झालावाड़ में पुलिस और विद्युत विभाग ने संयुक्त ‘ऑपरेशन ऊर्जा प्रहार’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में हिस्ट्रीशीटर, हार्डकोर अपराधी और मादक पदार्थ तस्करों सहित अन्य सक्रिय अपराधियों द्वारा की जा रही बिजली चोरी का खुलासा किया गया। कार्रवाई के दौरान 371 उल्लंघनकर्ताओं पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। यह अभियान मंगलवार रात से शुरू होकर करीब 10 घंटे तक चला। इसमें विद्युत विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारियों की 48 संयुक्त टीमों ने 660 ठिकानों पर आकस्मिक जांच की। इस कार्रवाई में विद्युत विभाग के 170 और जिला पुलिस के 350 सहित कुल 520 कर्मी शामिल थे। इस महत्वपूर्ण कार्रवाई का निकटतम पर्यवेक्षण जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, वृत्त झालावाड़ के अधीक्षण अभियंता विशंभर सहाय और झालावाड़ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चिरंजीलाल ने किया। अभियान का मुख्य लक्ष्य उन हिस्ट्रीशीटरों, हार्डकोर अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करना था, जो बिजली चोरी में संलिप्त थे।


