प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने पॉलिटेक्निक कॉलेज से जूनागढ़ तक साइकिल रैली में हिस्सा लिया। खुद मेघवाल ने करीब तीन किलोमीटर तक साइकिल चलाई। इस मौके पर प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिन पर 75 साइक्लिस्ट साथ रहे। बीकानेर से ओसियां तक तीन सौ किलोमीटर की साइकिल यात्रा 23 नवम्बर को होगी। इस मौके पर केन्द्रीय कानून मंत्री ने कहा कि पूरे विश्व में कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए साइकिलिंग को प्रमोट किया जा रहा है। वे जब कॉलेज में थे तब भी साइकिल से ही कॉलेज आया जाया करते थे। जब सांसद बने तो दो साल तक निवास से संसद तक और संसद से निवास तक साइकिल से ही आए और गए। 23 नवंबर को ”टूर डी थार” साइकिल रैली केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साइकिल रैली ”टूर डी फ्रांस” और ”टूर डी स्विस” की तर्ज पर ”टूर डी थार” साइकिल रैली का आयोजन आगामी 23 नवंबर को बीकानेर में प्रस्तावित है। खास बात ये कि इस साइकिल रैली की शुरुआत नौरंगदेसर में उसी स्थान से होगी जहां वर्ष 2023 में पीएम नरेंद्र मोदी के बीकानेर आगमन पर साइकिलिस्टों ने प्रधानमंत्री को नौरंगदेसर में एस्कॉर्ट किया था। केन्द्रीय कानून मंत्री ने बताया कि ”टूर डी थार” साइकिल रैली भारत माला पर बीकानेर के नौरंगदेसर से जोधपुर के ओसियां तक 300 किलोमीटर की होगी। इससे बीकानेर को अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन नक्शे पर स्थापित करने का मौका मिलेगा । इससे फिट इंडिया का मैसेज भी जाएगा। साइकिल भी प्रमोट होगी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी जाएगा। उन्होने बताया कि इस साइकिल रैली में दुनिया भर से साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगे। 100, 200 और 300 किलोमीटर के लिए अलग अलग रजिस्ट्रेशन किए जाएंगे।


