प्रेमी पर हमला मामले में 7 आरोपी गिरफ्तार:जान बचाते समय तालाब में डूबने से हुई थी युवक की मौत

डूंगरपुर के दोवड़ा थाना पुलिस ने प्रेमिका से मिलने आए प्रेमी और उसके दोस्तों पर जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में जान बचाकर भागते समय एक युवक की तालाब में डूबने से मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले में पहले ही प्रेमिका के पिता सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। थानाधिकारी तेजकरण चारण ने बताया कि 15 अगस्त को पाल मांडव फला घाटिया घरा निवासी आशाराम पुत्र मोहन डेंडोर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, आशाराम के गमीरपुरा निवासी कमला डामोर से तीन साल से प्रेम संबंध थे। 13 अगस्त की रात को कमला ने फोन कर बताया कि उसके घर वाले उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे बचाने के लिए आने को कहा, अन्यथा वह फांसी लगा लेगी। आशाराम अपने दोस्त अनिल रावल की कार से पंकज अहारी और अरविंद परमार के साथ अहमदाबाद से गमीरपुरा के लिए निकला। आधी रात के बाद वह बोकड़सेल पहुंचा। बोकड़सेल पुलिया के पास प्रेमिका के परिवार के 15 से 20 लोग हाथों में लाठी-पत्थर और कमांडर जीप लेकर खड़े थे। सभी ने मिलकर उन पर हमला कर दिया, जिससे कार के शीशे टूट गए। पथराव से बचने के लिए चारों दोस्त भागे। आशाराम, अनिल रावल और अरविंद तीनों जान बचाने के लिए बोकड़सेल तालाब में कूद गए। आशाराम और अरविंद तैरकर तालाब से बाहर आ गए, लेकिन पथराव में अनिल को गंभीर चोटें आने के कारण वह तालाब से बाहर नहीं आ सका और डूबने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। इस मामले में पहले प्रेमिका और उसके पिता सहित आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। सात आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस ने अब गमीरपुरा निवासी हेमेश डामोर, विशाल डामोर, जयेश डामोर, अशोक डामोर, अंकित डामोर, राजमल मीणा और हेमेंद्र डामोर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *