भास्कर न्यूज | अमृतसर एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की ओर से पूरे देशभर में “यात्री सेवा दिवस 2025’ मनाया गया। इस मौके पर श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा अमृतसर पर विशेष कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जिनका उद्देश्य यात्रियों को बेहतर अनुभव प्रदान करना और उनकी सुरक्षा व सुविधा को प्राथमिकता देना है। इस अवसर पर एयरपोर्ट पर पहुंचने वाले यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत के साथ अभिनंदन किया जाएगा। यात्रियों को पंजाब की आतिथ्य परंपरा का अनुभव कराने के लिए यह पहल की जा रही है। एयरपोर्ट डायरेक्टर एसके कपाही ने बताया कि यात्री सेवा दिवस पर “एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। इसमें एनजीओ फुलकारी के अलावा गणमान्य व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक और पर्यावरण प्रेमी हिस्सा लेंगे।
एयरपोर्ट परिसर में पंजाब की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर को उजागर करने के लिए फोक डांस प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं, ताकि यात्रियों को पंजाब की परंपरा और संस्कृति का अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर छोटे बच्चों के लिए भी खास इंतजाम किए गए। जिनमें 5 से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए देशभक्ति पर आधारित क्विज और पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य बच्चों में देशप्रेम की भावना जागृत करना और उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। विजेताओं को विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, यात्रियों के लिए एयरपोर्ट पर आकर्षक फोटो बूथ लगाए गए। इस मौके पर पंजाब का पारंपरिक और लोक नृत्य भांगड़ा और गिद्दा की भी प्रस्तुति दी गई। एयरपोर्ट अथॉरिटी के डायरेक्टर एसके कपाही ने बताया कि यात्री सेवा दिवस पर सामाजिक जिम्मेदारी को भी केंद्र में रखा गया है। इस मौके पर रक्तदान शिविर आयोजित होगा, जिससे जरूरतमंदों की सहायता की जा सके। इसके साथ ही एयरपोर्ट पर मुफ्त स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए गए, जिनमें बीपी, शुगर और हीमोग्लोबिन की जांच की सुविधा के अलावा आंखों के टेस्ट के लिए कैंप भी लगाया गया। इसके अलावा 10वीं से 12वीं तक की कक्षा के विद्यार्थियों को एयरपोर्ट का भ्रमण कराया गया और उन्हें एटीसी में ले जाकर सारी जानकारी दी गई।


