आबू रोड सदर थाना क्षेत्र में अंबाजी चेक पोस्ट रोड पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आबू रोड के सरकारी अस्पताल से सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है, जहां मां की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सियावा निवासी पप्पू पुत्र मोती अपनी मां मीनू के साथ किसी आवश्यक कार्य से आबू रोड जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मां और बेटा दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल इलाज के लिए आबू रोड के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सिरोही ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। सिरोही के सरकारी अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में मां के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिसके चलते कई टांके लगाने पड़े। घटना की सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंचे। दोनों घायलों का इलाज जारी है।


