रावनवाड़ा पंचायत में पाइपलाइन बिछाने के बाद बिल पास करने के नाम पर ठेकेदार से 12 हजार 500 की रिश्वत मांगना सरपंच-सचिव को महंगा पड़ गया। आज (सोमवार) लोकायुक्त टीम ने आरोपी सरपंच-सचिव को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। दरअसल, नियाज अहमद खान पिता मुमताज अहमद खान (32) निवासी रावनवाड़ा ने ग्राम पंचायत में 6 पुलिया बनवाई थी। जिसमें पाइपलाइन बिछाई गई, उसी के 90 हजार रुपए का बिल ठेकेदार को पास करवाना था। इसके एवज में सरपंच अरुण कुमार नावेद एवं सचिव राजकुमार सोनी 20 हजार रुपए रिश्वत मांग रहे थे। पिछले दो महीने से ठेकेदार परेशान था। नियाज ने इसकी शिकायत जबलपुर लोकायुक्त से कर दी। सबूत के तौर पर रिकॉर्डिंग भी सौंपी थी। जांच के बाद लोकायुक्त टीम ने आज शाम पंचायत भवन में रिश्वत ले रहे सचिव राजकुमार सोनी को 12 हजार 500 की पहली किस्त लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।


