जयपुर में विवाहिता अपने ससुराल में फंदे पर लटकी मिली। पीहर पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है। विवाहिता के भाई का कहना है कि उनकी बहन सुसाइड नहीं कर सकती है। उसके शरीर पर चोट के निशान भी है। वहीं हादसे से पहले अपनी बड़ी बहन को कॉल कर बताया था कि पति शराब पीकर लात-घूसों से मारपीट कर रहा है। पीहर से एक लाख रुपए लाने की मांग कर रहा है। इसके बाद उसकी मौत की सूचना मिली। मामला रामगंज थाने का है। विवाहिता के भाई ने दहेज हत्या का मामला दर्ज करवाया है। SMS हॉस्पिटल में पोस्टमॉर्टम के बाद आज शव परिजनों को सौंपा गया। वह कंपीटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही थी। 4 साल पहले हुई थी शादी
पुलिस ने बताया- जौहरी बाजार में रहने वाली प्रियंका तनेजा (32) पत्नी हरीश तनेजा अपने कमरे में फंदे पर लटकी मिली थी। परिवार की सूचना पर मौके पर पहुंचे और शव को हॉस्पिटल लेकर गए। विवाहिता का पीहर अजमेर में है। सूचना पर पीहर पक्ष भी जयपुर पहुंचा। मृतक प्रियंका के भाई मनीष ने बताया- उनकी बहन करीब 4 साल पहले जयपुर में कंपीटिशन एग्जाम देने आई थी। इस दौरान हरीश तनेजा से मुलाकात हुई। उसने अपनी बातों में फंसाकर बहन को शादी के लिए राजी कर लिया। इसके बाद परिवारों ने आपस में बात कर फरवरी 2021 दोनों की शादी की थी। मौत से पहले बहन को किया था कॉल
भाई ने बताया- उसका जीजा हरीश तनेजा राजापार्क में सरस डेयरी बूथ चलाता है। वो दहेज की मांग कर प्रियंका से मारपीट करता था। हादसे के दिन 19 सितंबर की रात भी बहन से मारपीट की थी। इस बारे में प्रियंका ने खुद हमारी बड़ी बहन टीना को कॉल करके बताया था। कॉल कर कहा था कि हरीश शराब पीकर मारपीट कर रहा है। लात-घूंसों से पीट रहा है। बोल रहा है तेरे मां-बाप से एक लाख रुपए लेकर मुझे दें। हत्या को सुसाइड का रूप देने का आरोप
इसके बाद उसके चुन्नी से फंदा लगाकर कमरे में लटके होने की सूचना मिली। भाई का आरोप है कि प्रियंका को टॉर्चर किया गया था। कई बार दहेज की मांग कर मदद की कहकर रुपए भी ले चुके थे। उसकी बॉडी पर भी चोट के निशान थे। वो सुसाइड नहीं कर सकती। उसे मारा गया है। उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप दिया गया है। पुलिस ने भाई की रिपोर्ट पर मामला दर्ज जांच शुरू की है।


