झालावाड़ में मिनी सचिवालय के सामने चल रहा भील समाज का धरना जिला प्रशासन से चर्चा के बाद समाप्त हो गया। धरना 14 सितंबर से शुरू हुआ था। समाज ने ग्राम पीपलोदी में मृतक बच्चों को न्याय दिलाने की मांग की थी। जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने शनिवार शाम को भील समाज के प्रतिनिधियों से अपने कक्ष में मुलाकात की। उन्होंने समाज की मांगों और पिपलोदी के मामले पर चर्चा की। कलेक्टर ने जिला मुख्यालय झालावाड़ में छात्रावास के लिए भूमि आवंटित करने का आश्वासन दिया। इसके बाद शाम 6:30 बजे आमरण अनशन समाप्त कर दिया गया। धरने के दौरान पीपलोदी हादसे से पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता और नौकरी समेत अन्य मांगें रखी गई थीं। इस दौरान दो अनशनकारियों की तबीयत खराब हो गई थी। उन्हें झालावाड़ अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


