कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा आयोजित ग्रेड फोर्थ (चपरासी) भर्ती परीक्षा दूसरे दिन शनिवार को भी शांतिपूर्वक सम्पन्न हुई। दौसा जिला मुख्यालय के 17 केंद्रों पर हो रही परीक्षा की पहली पारी के लिए अभ्यर्थियों को गहन तलाशी के बाद सुबह 8 बजे से प्रवेश देना शुरू किया गया। सुबह 9 बजे एंट्री बंद कर दी गई। एग्जाम शुरू होने के 1 घंटा पहले सेंटर में एंट्री बंद कर दी गई। इसी प्रकार दूसरी पारी के लिए दोपहर एक बजे से प्रवेश देना शुरू किया गया। अभ्यर्थियों की गहन जांच व तलाशी के बाद परीक्षा केन्द्र में प्रवेश दिया गया। सभी परीक्षा केन्द्रों पर पुलिस जाप्ता तैनात रहा। 36 हजार अभ्यर्थी देंगे परीक्षा 19 से 21 सितंबर तक लगातार 3 दिन 6 पारी में हो रही एग्जाम में जिले में कुल 36 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। प्रत्येक पारी में 6 हजार अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं, ऐसे में दो दिन में 24 हजार अभ्यर्थी एग्जाम में शामिल हो चुके हैं। पहली पारी की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे और दूसरी पारी की परीक्षा दोपहर 3 से 5 बजे तक सम्पन्न हुई। परीक्षा के लिए 625 वीक्षक और 29 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। गड़बड़ी रोकने के लिए 3 फ्लाइंग टीम तैनात रहीं, जिनमें एक आरएएस, पुलिस व शिक्षा अधिकारी के दस्ते ने केंद्रों पर पहुंचकर जांच और मॉनिटरिंग की। 53 हजार 749 पदों पर भर्ती के लिए 24 लाख 75 हजार कैंडिडेट्स बता दें कि 53 हजार 749 पदों पर भर्ती के लिए 24 लाख 75 हजार कैंडिडेट्स ने आवेदन किया है। इसमें आवेदन के लिए स्टूडेंट्स को सिर्फ 10th पास होना जरूरी था। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी 23 सितंबर तक सरकारी बसों में अपना एडमिट कार्ड दिखाकर फ्री सफर की सुविधा दी है। इस बार सरकार ने बेरोजगारों को भर्ती परीक्षा शुरू होने से 2 दिन पहले और 2 दिन बाद तक यह सुविधा दी है।


