विश्वप्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में 26 सितंबर (शुक्रवार) को श्री श्याम प्रभू की विशेष सेवा-पूजा और तिलक समारोह के कारण मंदिर में आम दर्शन अस्थायी रूप से बंद रहेंगे। इस दौरान मंदिर के पट बंद रहेंगे और श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन नहीं कर सकेंगे। श्री श्याम मंदिर कमेटी ने सार्वजनिक सूचना जारी कर बताया कि 25 सितंबर को रात 10 बजे से 26 सितंबर को शाम 5 बजे तक मंदिर के पट बंद रहेंगे। इस समय में भक्तों को दर्शन नहीं होंगे। मंदिर कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे इस समय अवधि के बाद ही दर्शन के लिए मंदिर पधारें और व्यवस्थाओं में सहयोग करें। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष पृथ्वी सिंह चौहान ने बताया कि यह विशेष पूजा भक्तों के कल्याण, सुख-समृद्धि और भगवान श्याम की कृपा प्राप्ति के लिए आयोजित की जा रही है। इस दौरान मंदिर में विशेष अनुष्ठान और तिलक समारोह का आयोजन होगा, जिसमें पुजारियों और कमेटी के सदस्यों द्वारा भगवान श्याम की विधि-विधान से पूजा की जाएगी।


