स्वच्छ व सुरक्षित पंडाल को मिलेगा पुरस्कार, लोग हो सकेंगे जागरूक

गुडडू चौरसिया|गुमला दुर्गा पूजा में नगर परिषद स्वच्छ व सुरक्षित दुर्गा पूजा पंडाल प्रतियोगिता का आयोजन कराएगा। इसके मापदंड के आधार पर 100 अंक दिए जाएंगे। इसी आधार पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर आने वाले पंडालों को पुरस्कृत किया जाएगा। यह पहल स्वच्छता को बढ़ावा देने और लोगों में साफ-सफाई के प्रति जागरुकता पैदा करने के उद्देश्य से की गई है। पहले भी इस प्रकार का आयोजन किया जा चुका है। नगर परिषद की ओर से घोषित किया गया है कि इस वर्ष भी जो पूजा समिति सबसे स्वच्छ, सुव्यवस्थित और पर्यावरण के अनुकूल पंडाल बनाएगी। उसे सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। प्रशासक मनीष कुमार के अनुसार पूजा पंडालों में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में स्वच्छता बनाए रखना न केवल आवश्यक है, बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहद महत्वपूर्ण है। समितियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि पंडाल और उसके आसपास कहीं भी गंदगी न फैले। इससे लोगों में भी सकारात्मक संदेश जाएगा। मापदंड तय करने के लिए कमेटी गठित की गई है, जो पूजा अवधि में मानकों की मॉनिटरिंग करेगी। मालूम हो कि शहरी क्षेत्र में 13-14 समितियां दुर्गा पूजा का भव्य आयोजन करती है। स्वच्छ पूजा पंडाल प्रतियोगिता सौ अंकों की होगी। जिसमें पूजा पंडाल, प्रतिमा निर्माण सामग्री में प्रकृति, पर्यावरण संरक्षण की झलक, पूजा पंडालों में कागज, पत्ता, जुट या बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग, पूजा पंडाल में प्रवेश व निकासी द्वार अलग-अलग तथा महिला एवं पुरुष हेतु अलग-अलग कतार की व्यवस्था सुनिश्चित करने, पूजा पंडाल परिसर में आसपास के दुकानदारों एवं आम नागरिकों द्वारा गंदगी न फैलने एवं परिसर में साफ सफाई के लिए स्वयं से किए गए उपाय, नशा मुक्ति, प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, स्वच्छता से संबंधित होर्डिंग का स्वयं से अधिष्ठापन कराकर एवं ध्वनि विस्तारक यंत्र से प्रचार करने, विज्ञापन के लिए बायोडिग्रेडेबल सामग्री का उपयोग या फिर होर्डिंग के लिए एलईडी स्क्रीन या स्टैंडी का प्रयोग करने, पूजा पंडाल के आकार के अनुसार पर्याप्त संख्या में हरा एवं नीला डस्टबिन की व्यवस्था कर आगंतुकों द्वारा उनका प्रयोग कराना, नगर परिषद द्वारा चिन्हित विसर्जन स्थल में पूजा समिति के तत्वावधान में प्रतिमा का विसर्जन, सीसीटीवी कैमरा, कार्बन डाइऑक्साइड गैस (अग्निशमन यंत्र) सिलेंडर का पूजा पंडालों में अधिष्ठापन पर अंक निर्धारित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *