भास्कर न्यूज| लुधियाना आर्य कॉलेज में शनिवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के 500 छात्रों को शैक्षणिक डिग्रियां प्रदान की गईं। कॉलेज का सभागार छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों की मौजूदगी में उत्साह और गर्व से गूंज उठा। समारोह में एमए (राजनीति विज्ञान), एमए (इतिहास), एमकॉम, पीजीडीएमएम, पीजीडीसीए, एमएससी (आईटी), बीबीए, बीसीए, बीकॉम, बीएससी और बीए जैसे कोर्सेज के स्नातकों को सम्मानित किया गया। सभा को संबोधित करते हुए राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने छात्रों से कहा कि शिक्षा केवल व्यक्तिगत सफलता का साधन नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की प्रगति के लिए भी अहम है । उन्होंने नव स्नातकों को अनुशासन, दृढ़ता और आजीवन सीखने की भावना को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को नवोन्मेषी सोच रखने, नेतृत्व की भूमिका निभाने और प्रगतिशील पंजाब और सशक्त भारत की दिशा में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रिंसिपल डॉ. सूक्ष्म आहलूवालिया ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कॉलेज की नई शैक्षणिक पहल, शोध योगदान और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान छात्रों के सर्वांगीण विकास, चरित्र निर्माण और नैतिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस अवसर पर प्रबंधकीय समिति के सदस्य सुदर्शन शर्मा (अध्यक्ष), अशोक परुथी (उपाध्यक्ष) और डॉ. एसएम शर्मा (सचिव) भी मौजूद रहे। चेयरमैन जगदीश राय सिंघल ने दूसरे सत्र की अध्यक्षता करते हुए छात्रों को उद्योग और समाज की बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को ढालने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


