झारखंड के पुलिसकर्मियों के लिए अच्छी खबर है। जल्दी ही उनके वर्दी-राशन मनी सहित कई भत्तों में बढ़ोतरी होगी। पुलिस मुख्यालय ने इसका प्रस्ताव तैयार कर गृह विभाग को भेजा है। गृह विभाग ने इसके लिए राजस्व पर्षद सदस्य की अध्यक्षता में कमेटी गठित की है। यह कमेटी पुलिसकर्मियों के साथ ही इसी समान भत्ते वाले अन्य विभागों के भत्तों की भी समीक्षा करेगी। इस कमेटी की अनुशंसा के बाद इसे कैबिनेट में पेश किया जाएगा। कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही भत्तों में बढ़ोतरी लागू कर दी जाएगी। जिन भत्तों में बढ़ोतरी का प्रस्ताव है, उनमें वर्दी, राशन मनी, आर्मोरर, तकनीकी, वाहन और चालक भत्ता शामिल हैं। इसके लागू होने पर डीएसपी का वर्दी भत्ता 15 गुना तो इंस्पेक्टर का करीब दो गुना से ज्यादा बढ़ जाएगा। सातवां वेतनमान लागू होने के बाद झारखंड पुलिस के अधिकारियो-कर्मचारियों के भत्तों में संशोधन नहीं किया गया है। जबकि बिहार में यह लागू हो गया है। इसे देखते हुए ही पुलिस मुख्यालय ने गृह विभाग को यह प्रस्ताव भेजा है। क्योंकि झारखंड के पुलिसकर्मियों को केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों और बिहार पुलिस के मुकाबले काफी कम भत्ते मिल रहे हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2014 में राज्य के पुलिसकर्मियों को 2000 रुपए प्रतिमाह एवं पुलिस संगठन के चतुर्थवर्गीय कर्मचारी को 1000 रु. प्रतिमाह की दर से राशन भत्ते की स्वीकृति दी गई थी। जबकि केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बलों को 117.29 रुपए रोजाना की दर से निर्धारित है। इसे देखते हुए यहां 3500 रुपए प्रतिमाह की दर से राशन मनी भत्ता देने का प्रस्ताव रखा गया है। वहीं विशेष कर्तव्य भत्तों में 20 सालों से संशोधन नहीं हुआ है। इसलिए झारखंड पुलिस के आरक्षी, हवलदार, सहायक अवर निरीक्षक, पुलिस अवर निरीक्षक, पुलिस निरीक्षक एवं चतुर्थवर्गीय पदों के विशेष कर्तव्य भत्ता को संशोधित किए जाने का अनुरोध किया गया है। इस बढ़ोतरी के बाद झारखंड में भी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का भत्ता सम्मानजनक हो जाएगा। डीएसपी को मिलता है 1000 रु. वर्दी भत्ता तो इंस्पेक्टर को 4500 रु. पुलिसकर्मियों को साल में एक बार वर्दी भत्ता मिलता है। राज्य में डीएसपी को अभी 1000 रुपए, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर को 4500 रुपए, आरक्षी को 4000 रुपए तो चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी को 5000 रुपए वर्दी भत्ता मिलता है। प्रस्ताव में डीएसपी को 15 हजार रुपए और अन्य को 10 हजार रुपए वर्दी भत्ता देने का आग्रह किया गया है। अगर ऐसा हुआ तो डीएसपी के वर्दी भत्ते में 15 गुना बढ़ोतरी हो जाएगी। हालांकि इस बढ़ोतरी के बाद धुलाई भत्तों को खत्म किया जा सकता है।


