भास्कर न्यूज | सिमडेगा पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से सिमडेगा प्रखंड अंतर्गत मुड़िया सुतराम गांव में झारखंड जंगल बचाओ आंदोलन के तहत एक विशेष ग्रामसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किरण जोजो ने की। जबकि संचालन और नेतृत्व जन संगठन के सिमडेगा प्रखंड प्रभारी अमृत डांग ने किया। ग्रामसभा में सर्वसम्मति और सामूहिक सहभागिता के साथ पौधारोपण किया गया,जिसमें स्थानीय नागरिकों और वन संरक्षण के प्रति जागरूक युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान खाली पड़ी वन भूमि पर कई प्रकार के स्थानीय और फलदार पौधे लगाए गए। इनमें प्रमुख रूप से आम, कटहल, करंज, इमली, कुसुम गम्हार, जामुन, अमरूद, खजूर, शरीफा जैसे पौधे शामिल रहे। यह पौधारोपण न केवल पर्यावरण को सहेजने की दिशा में एक प्रयास है, बल्कि स्थानीय जैव विविधता को बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगा। जन संगठन के प्रखंड प्रभारी अमृत डांग ने ग्रामसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जंगल हमारे भविष्य की सुरक्षा की नींव हैं। वर्तमान में जिस तरह से मानवीय गतिविधियों से जंगल और वन्य संसाधन खतरे में हैं, उसे रोकने का एकमात्र उपाय ग्रामसभा आधारित सामूहिक पौधारोपण और वन प्रबंधन है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि हर ग्रामसभा को हर वर्ष पौधारोपण को अपना नियमित कार्यक्रम बनाना चाहिए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को स्वस्थ पर्यावरण मिल सके। कार्यक्रम में सचिन सनातन लुगुन, स्नेहलता तिर्की, सिबलन जोजो, जस्टिन जोजो, रेणुका लुगुन, बेन्यामिन लुगुन, सलीम जोजो, बहामनी समद, कुनूल लुगुन सहित अन्य लोग मौजूद थे।


