पूर्व सांसद श्वेत मलिक ने केंद्र से की मेट्रो प्रोजेक्ट लाने की मांग

भास्कर न्यूज | अमृतसर भाजपा पंजाब के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व राज्यसभा सदस्य इंजीनियर श्वेत मलिक ने केंद्र सरकार से अमृतसर में मेट्रो प्रोजेक्ट लाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए यह समय की सबसे बड़ी जरूरत है। श्वेत मलिक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से बात की है और मंत्री ने इस प्रोजेक्ट पर विचार करने का आश्वासन दिया है। मलिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा गुरु नगरी के विकास के लिए खजाना खोला है। स्मार्ट सिटी के तहत अभी तक केंद्र सरकार ने 1 हजार करोड़ रुपए के काम करवाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस समय वह राज्यसभा सदस्य थे, उस समय उन्होंने केंद्र सरकार में मंत्री रहे वैंकेया नायडू, उसके बाद हरदीप सिंह पुरी और अब केंद्र में बैठे शहरी व विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से जो भी प्रोजेक्ट मांगे है, वह दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 500 करोड़ से अमृतसर के 16 लाख शहरवासियों को शुद्ध पीने का पानी देने के लिए 81 पानी की ओवरहेड टैंकिया तैयार की जा रही हैं। इन टैंकियों से नहरी पानी पीने योग्य बनाकर लोगों के घरों तक सप्लाई किया जाएगा। इसके अलावा अंदरून शहर के 12 गेटों के बाहर 120 करोड़ की लागत से आउटर सर्कुलर रोड का निर्माण किया गया है। तारें अंडरग्राउंड की गईं और रंग-बिरंगी लाइटें लगाई गईं। शहर की कानून व्यवस्था ठीक करने के लिए व अपराध रोकने के लिए 100 करोड़ की लागत से 1254 सीसीटीवी लगवाए गए हैं। अमृतसर के 35 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम बनाए गए हैं जहां इंटरनेट के माध्यम से स्टूडेंट्स को शिक्षा दी जाती है। उन्होंने बताया कि शहर में 66000 के करीब नई एलईडी लाइटें लगाई गई हैं। हृदय प्रोजेक्ट के तहत श्री हरमंदर साहिब व श्री दुर्ग्याणा मंदिर को जाने वाली सड़कों का निर्माण करवाया गया। ट्रैफिक समसया सुधारने के लिए कैरो मार्केट में ऑटोमेटिक कार पार्किंग बनाई जा रही है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड विभाग में 70 फीट की हाईड्रोलिक सीढ़ी दी गई। कर्मचारियों के लिए आग न लगने वाले सूट व अन्य औजार दिए गए। मलिक ने बताया कि तारांवाला पुल के साथ 2.5 एकड़ की सुंदर ग्रीन बेल्ट भी बनाई गई है। इनके अलावा अमृतसर को वर्ल्ड क्लास एयरपोट, रेलवे स्टेशन, वंदे भारत ट्रेन, बॉर्डर पर 25000 लोगो की विजिटर गैलरी, दिल्ली-अमृतसर कटरा एक्सप्रेस हाईवे सड़क का विकास करवाया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *