करौली में रविवार को सेवा पखवाड़ा, फिट इंडिया और खेलो इंडिया अभियान के तहत नमो युवा रन का आयोजन किया गया। त्रिलोक चंद माथुर स्टेडियम से शुरू हुई इस दौड़ को विधायक दर्शन सिंह गुर्जर और अतिरिक्त जिला कलेक्टर हेमराज परिडवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौड़ में युवा, छात्र-छात्राएं, स्काउट-गाइड स्वयंसेवक, जिला और ब्लॉक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। रैली स्टेडियम से अजय होटल चौराहा, गुलाबबाग, हाथी घटा और पुरानी कलेक्ट्रेट सर्किल होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर तक पहुंची। विधायक गुर्जर ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सेवा भाव को मजबूत करते हैं। एडीएम परिडवाल ने कहा कि यह आयोजन फिटनेस, अनुशासन और समाज में एकता का संदेश देता है। सभी प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ भारत के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए नशामुक्त जीवन जीने का प्रण लिया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी इंद्रेश तिवाड़ी और जिला खेल अधिकारी रमेश गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। परिवहन विभाग और पुलिस ने मार्ग पर व्यवस्था संभाली।


