भास्कर न्यूज | सरना भारतीय सेना की 39 फील्ड रेजीमेंट के शौर्य चक्र विजेता शहीद लांसनायक जसबीर सिंह का तीसरा बलिदान दिवस शहीद के निवास स्थान पर मनाया गया। यह उसकी यूनिट के नायब सूबेदार जसकीरत सिंह की अध्यक्षता में गांव वेंई पुईं में मनाया गया। इसमें शहीद सैनिक परिवार सुरक्षा परिषद के महासचिव कुंवर रविंद्र सिंह विक्की बतौर मुख्य मेहमान शामिल हुए इनके अलावा शहीद की माता सुखविंदर कौर, पिता गुरभेज सिंह, भाई रंजीत सिंह, बहन राजविंदर कौर ने शामिल होकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सर्वप्रथम श्री आखंड पाठ साहेब का भोग डालते हुए रागी जत्थे द्वारा बैरगमय कीर्तन कर शहीद को नमन किया गया। श्रद्धांजलि समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुंवर रविंद्र सिंह विक्की ने कहा कि 3 साल पहले लांसनायक जसबीर सिंह तथा 8 साल पहले सूबेदार परमजीत सिंह जैसे दो-दो योद्धा इस देश पर कुर्बान किए हैं। सरकार द्वारा इनकी याद में यादगिरी गेट, स्टेडियम बनाने व शहीद लांसनायक जसबीर सिंह के छोटे भाई रणजीत सिंह को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की थी। इस अवसर पर परिषद व शहीद की यूनिट के जवानों द्वारा शहीद के स्वजनों सहित पांच अन्य शहीद परिवारों को सिरोपे और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया।


