राजनांदगांव में जिला प्रशासन और समाज कल्याण विभाग ने समता जन कल्याण समिति के सहयोग से सेवा मैराथन का आयोजन किया। यह कार्यक्रम रविवार सुबह 7 बजे अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में शुरू हुआ। महापौर मधुसुदन यादव ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में नशा परिवारों के टूटने का प्रमुख कारण बन रहा है। युवाओं को नशे से दूर रहकर अपने भविष्य पर ध्यान देना चाहिए। मैराथन का मुख्य उद्देश्य समाज को नशामुक्ति का संदेश देना और नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराना था। प्रतियोगिता में 5 किलोमीटर पुरुष वर्ग में तुषार कुमार प्रथम, भूषण कुमार द्वितीय और चेतन कुमार तृतीय स्थान पर रहे। महिला वर्ग में किरण साहू और शाहिना खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दिव्यांग वर्ग में अस्थि बाधित श्रेणी में नरेश कुमार धुर्वे प्रथम रहे। दृष्टिबाधित श्रेणी में लुमन विश्वकर्मा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बौद्धिक मंदता श्रेणी में अभिषेक और मूकबधिर श्रेणी में सागर परिधि विजेता रहे।


