रांची में 5 दिन में दिनदहाड़े दूसरी लूट:अपराधी ने पहले चाय पी, फिर टारगेट के आते ही लूटे 13 लाख, टिप के इंतजार में पुलिस

राजधानी रांची में अपराधियों का मनोबल जितना बढ़ा है, पुलिस उतनी ही लाचार हो गई है। राजधानी रांची के व्यस्ततम इलाके पंडरा में सोमवार की भरी दोपहर 12.30 बजे आईटीसी कंपनी के फ्रेंचाइजी मैनेजर सुमित कुमार गुप्ता से तीन अपराधियों ने 13 लाख रुपए लूट लिए। इस दौरान पास खड़े लोटस होटल के मैनेजर सुमित कुमार अपराधियों से भिड़ गए। अपराधियों ने उन पर फायरिंग कर दी। एक गोली पेट में और दूसरी बांह में लगी। इसके बाद बाइक लेकर खड़े तीसरे अपराधी के साथ पंडरा की ओर भाग निकले। भरी दोपहर इतना कुछ होता रहा और रांची पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। एसएसपी ने घटना के बाद आनन-फानन में पेट्रोलिंग ड्यूटी में तैनात पदाधिकारी व जवानों को ड्यूटी में लापरवाही बरते जाने के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। चाय की चुस्की ले रेकी करता रहा अपराधी लूट के बाद जो सीसीटीवी सामने आया है, उसमें साफ दिख रहा है कि ओटीसी ग्राउंड के पास अपराधी चाय की चुस्की लेते हुए टारेगेट के आने का इंतजार कर रहा है। जैसे ही अकाउंटेंट सुमित गुप्ता 13 लाख कैश लेकर बैंक पहुंचे और कार से उतरे कि बाइक सवार दो अपराधी पीछे से आए और पैसे छिन भाग निकले। अब तक पुलिस को इस घटना को अंजाम देने वाले से संबंधित कोई जानकारी हाथ नहीं लगी है। पुलिस अब टिप का इंतजार कर रही है। रांची पुलिस ने सूचना देने वाले को 20 हजार रुपए का नगद इनाम देने की बात कही है। वहीं सूचना देने वाले का नाम व पता गुप्त रखा जाएगा। पुलिस की ओर से कहा गया है कि अगर किसी को जानकारी मिलती है तो वे एसएसपी के मोबाइल नंबर 9431706136, सिटी एसपी के मोबाइल नंबर 9431706137, कोतवाली डीएसपी के मोबाइल नंबर 9431770077 या पंडरा ओपी प्रभारी के मोबाइल नंबर 8709841485 पर जानकारी दे सकता है। 5 दिन में दूसरी लूट, काठीटांड़ में लूटा गया था 13.66 लाख राजधानी में पिछले 5 दिनों में रुपए लूटने की यह दूसरी घटना है। बाइक सवार अपराधी पिछले गुरुवार को ही काठीटांड़ स्थित एसबीआई शाखा के बाहर से 13.66 लाख पेट्रोल पंप के कैशियर से लूटकर फरार हो गए थे। कैशियर विमल कुमार मिश्रा ने रातू थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने बताया है कि वह कमड़े स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप से कार में सवार हो कर पैसा जमा करने पहुंचे थे। जैसे ही गाड़ी से उतरे, बाइक सवार अपराधी बैग लेकर फरार हो गए। पुलिस को अबतक इस लूटकांड में भी शामिल अपराधियों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने एक दिन पूर्व चलाया जांच अभियान, अगले ही दिन लूट वर्ष 2024 की विदाई होने से एक दिन पूर्व रांची पुलिस ने देर रात वाहन जांच व एंटी अल्कोहल चेकिंग अभियान चलाया। कई जगहों पर पुलिस ने पैदल गश्त भी की। लेकिन रांची पुलिस को ना कोई अपराधी मिला और ना ही कोई नशे में धुत व्यक्ति। चेकिंग अभियान चलाने के अगले ही दिन सोमवार को पंडरा ओपी क्षेत्र में 13 लाख रुपए की दिन दहाड़े लूट हो जाती है और अपराधी एक व्यक्ति को गोली भी मार कर फरार हो गए। रविवार देर रात कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय के नेतृत्व में पुलिस ने मेनरोड, कचहरी रोड सहित कई जगहों में पैदल गश्ती कर बार व होटलों की भी जांच की। इधर, देर रात सड़क पर निकले आईजी, चेक नाका पर की जांच रांची जोन के आईजी अखिलेश झा सोमवार की देर रात राजधानी की सड़कों पर निकले और विभिन्न जगहों पर पेट्रोलिंग पार्टी के अलावा चेक नाका पर जांच की। इस दौरान आईजी ने पुलिस पदाधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश देते हुए सजग होकर ड्यूटी करने का निर्देश दिया। कहा कि देर रात गुजरने वाले सभी वाहनों की कड़ाई से जांच करें। पेट्रोलिंग गाड़ी अक्सर रहती है सड़क से गायब राजधानी के सभी थानों में एक या दो पेट्रोलिंग गाड़ी है, जिसमें तैनात पदाधिकारी व जवान तीन शिफ्ट में बंट कर 24 घंटे ड्यूटी करते हैं। हालांकि यह पेट्रोलिंग गाड़ी तब तक नहीं पहुंचती, जब तक उन्हें फोन कर संबंधित जगह पर जाने का आदेश नहीं दिया जाए। अक्सर पेट्रोलिंग गाड़ी मुख्य सड़क से गायब रहती हैं। पीसीआर भी सिर्फ दिखावे का ही है। इसमें तैनात पुलिसकर्मी भी पूरी तरह से सुस्त रहते हैं। इनकी मॉनिटरिंग करने वाला भी कोई नहीं है। जब कभी कोई बड़ी घटना होती है तो वरीय अधिकारी रेस होते हैं और फिर समय बीतते ही सभी सुस्त पड़ जाते हैं। पुलिस बोली- एक गोली मारी, डॉक्टर के अनुसार दो गोली लगी ओटीसी मैदान के पास आईटीसी के फ्रेंचाइजी मैनेजर सुमित कुमार गुप्ता से लूट हुई है। उन्हें बचाने गए होटल के मैनेजर सुमित कुमार को अपराधियों ने गोली मारी। रांची पुलिस ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि सुमित कुमार को एक गोली लगी है। वहीं, मेडिका अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. विजय मिश्रा ने कहा कि सुमित कुमार को दो गोली (एक हाथ व दूसरी पेट में) लगी है। पेट में लगी गोली सीने में जाकर फंस गई। डॉक्टरों की टीम ऑपरेशन कर सीने में फंसी गोली निकाल दी है। क्या कहते हैं एसएसपी पुलिस लूट की जांच कर रही है। अपराधियाें की गिरफ्तारी के लिए एसआईटी बनाई गई है। इससे ज्यादा जानकारी सार्वजनिक करना अनुसंधान के दृष्टिकाेण से ठीक नहीं है। -चंदन कुमार सिन्हा, एसएसपी रांची

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *