राजधानी में राष्ट्रीय पोषण माह चल रहा है। इसके तहत पीएचसी हीरापुर में स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की शुरुआत हुई। इस दौरान महिलाओं का बीपी-शुगर, मुख, स्तन और गर्भाशय ग्रीवा कैंसर सहित एनीमिया, टीबी और सिकलसेल की जांच की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञों के साथ नेत्र, ईएनटी, त्वचा, मानसिक स्वास्थ्य और दंत परामर्श भी दिया गया। गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, पोषण परामर्श और बच्चों का टीकाकरण किया गया। नेत्र जांच में स्कूली बच्चों को निशुल्क चश्मा बांटा गया। साथ ही आंखों की बीमारियों से बचाव की जानकारी दी गई। अभियान के तहत 72 एनसीडी, 30 एएनसी, 21 स्त्री रोग, 34 शिशु रोग, 19 दंत रोग, 49 हड्डी और 52 अन्य की जांच हुई। 25 किशोरियों को गिफ्ट वाउचर दिए गए और 5 लोगों के वंदन व आयुष्मान कार्ड बनाए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएमएचओ डॉ. मिथिलेश चौधरी ने की। इसमें शहरी कार्यक्रम प्रबंधक, अस्पताल प्रभारी और स्टाफ मौजूद रहे। डॉ चौधरी ने बताया कि, यह अभियान 2 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न सीएचसी और पीएचसी में चलाया जाएगा।


