अक्टूबर से किसानों को मिलेगा गेहूं का बीज

भास्कर न्यूज | जामताड़ा जिले में रबी फसल के लिए किसानों को अक्टूबर माह से गेहूं बीज का वितरण किया जाएगा। इस बार जिले को कुल 6500 क्विंटल गेहूं बीज आवंटित किया गया है। जिले में लगभग 32 हजार किसान रजिस्टर्ड हैं। जिन्हें लैंपस एवं आत्मा परियोजना के माध्यम से बीज उपलब्ध कराया जाएगा। वितरण प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल प्रणाली से होगी। जिसमें किसानों को आधार कार्ड के साथ पंजीकरण कराना होगा और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी के जरिए बीज प्राप्त होगा। इस आवंटित गेहूं बीज से जिले में करीब 150 से 200 हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की खेती संभव है। इससे न केवल उत्पादन में वृद्धि होगी बल्कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज समय पर उपलब्ध होने से उनकी लागत भी घटेगी। बीज वितरण के लिए सभी लैंपस केंद्रों पर तैयारी पूरी की जा रही है ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। किसानों को पंजीकरण करवाने के लिए आधार कार्ड व मोबाइल नंबर को अपडेट रखें। ताकि वितरण के समय किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े। बीज वितरण अक्टूबर के पहले सप्ताह से शुरू होगा और चरणबद्ध तरीके से सभी प्रखंडों में किया जाएगा। इस योजना का उद्देश्य किसानों को रबी मौसम में उच्च गुणवत्ता वाला बीज उपलब्ध कराना है, जिससे जिले में गेहूं उत्पादन को बढ़ावा मिल सके और किसानों की आमदनी में इजाफा हो। कृषि पदाधिकारी लव कुमार ने बताया कि जिले में 6500 क्विंटल गेहूं बीज का वितरण अक्टूबर महीने से किया जाना है। जिले में गेहूं की पैदावार अच्छी हो इसके लिए पूर्व में ही बीज का आवंटन कराया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *