खंडवा जिले में 2023 की अपेक्षा इस साल क्राइम रिकॉर्ड में ज्यादा फर्क दिखने को नहीं मिला। लेकिन हत्या के मामलों में 25 फीसदी तक बढ़ोत्तरी हुई है। ज्यादातर हत्या के मामलों में जमीन विवाद का एंगल सामने आया था। बाकी अपहरण, हत्या का प्रयास, वाहन चोरी जैसे अपराध का ग्राफ घटा है। हत्या से जुड़ा एक ताजा मामला थाना नर्मदानगर क्षेत्र का था। जिसमें महज 5 हजार रूपए के लेनदेन को लेकर बेटे ने पत्नी और साले के साथ मिलकर मां की हत्या कर दी। रस्सी से गला घोंटा, पेट में दराता मारा और फिर चेहरे को पत्थर से कुचल दिया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर महिला की पहचान से लेकर हत्या का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक साल में इन अपराधों का ग्राफ घटा जानकारी के मुताबिक, जिले में डकैती की तैयारी, गृह-भेदन चोरी और साधारण चोरी जैसे अपराधों पर अंकुश लगा है। वाहन चोरी के मामले भी इस बार कम हुए है। पिछले साल वाहन चोरी के 166 मामले दर्ज किए गए थे। इस बार 160 मामले दर्ज हुए। चोरी के मामलों में भी कमी आई है। पिछले साल घर में घुसकर चोरी के 139 मामले थे, जबकि इस साल 136 मामले सामने आए। साधारण चोरी के आंकड़े भी 103 से घटकर 77 पर आए। दिसंबर तक के पुलिस के आंकड़ों के अनुसार पिछले साल बलवा के 35 मामले थे, 2024 में 16 मामले दर्ज हुए। चेन स्नेचिंग के दो मामले हुए, लूट-डकैती भी पिछले साल चेन स्नेचिग का एक भी मामला नहीं था। वहीं इस साल दो मामले दर्ज हुए है। लूट के 8 मामले थे, इस साल एक बढ़कर 9 हो गए। डकैती का भी पिछले साल एक मामला था, इस बार दो दर्ज हुए। डकैती की तैयारी के पिछले साल 4 और इस बार एक भी नहीं है।


